वाराणसी। थाना बड़ागांव पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन के बैनामा करने के मामले में वांछित अभियुक्त मनोहर धुंडीराम ढेबे को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रतनपुर नहर पुलिया के पास मुखबिर की सूचना पर की गई। आरोपी पर मुकदमा संख्या 449/2024, धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस पूछताछ में मनोहर धुंडीराम ढेबे ने स्वीकार किया कि वह महाराष्ट्र के सतारा जिले के तुलसीगांव का निवासी है और वर्तमान में मुंबई के गोरेगांव स्थित अल्बर्ट कंपाउंड में रह रहा था। उसने बताया कि उसके साथियों ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार किए, जिनमें उसका नाम सत्यम सिंह के रूप में दर्शाया गया। इन दस्तावेजों का उपयोग कर वाराणसी के रतनपुर दोयम (बड़ागांव) क्षेत्र में स्थित जमीन का बैनामा करने की साजिश रची गई थी।
अभियुक्त ने यह भी कबूला कि बड़ागांव बाजार स्थित एक बैंक में उसके नाम से खाता खोला गया, जिसमें उसका फोटो भी लगाया गया था। हालांकि, उसने खुद को अशिक्षित बताया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण :-
- नाम : मनोहर धुंडीराम ढेबे
- पिता का नाम : स्व. धुंडीराम ढेबे
- निवासी : तुलसीगांव, जिला सतारा, महाराष्ट्र (वर्तमान पता- गोरेगांव, मुंबई)
- उम्र : 25 वर्ष
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह,उपनिरीक्षक अमित कुमार पांडेय,उपनिरीक्षक मयंक सिंह,कांस्टेबल अंकित सरोज मौजूद रहे।