किसान नेता सरवन पंढेर ने किया एलान, 14 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे 101 किसान

चंडीगढ़ I पंजाब हरियाणा सीमा के पास शंभू बॉर्डर पर डटे किसानों ने एक बार फिर 14 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का एलान किया है। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी कि 101 किसानों का जत्था दिल्ली की तरफ बढ़ेगा। यह निर्णय मंगलवार को संयुक्त किसान मोर्चा और किसान-मजदूर संघर्ष समिति की सामूहिक बैठक के बाद लिया गया। पंढेर ने यह भी कहा कि किसान भागने वाले नहीं हैं, बल्कि सरकार को भगाएंगे।

इससे पहले, किसान नेताओं ने शंभू बॉर्डर से खनौरी बॉर्डर तक सामूहिक भूख हड़ताल की। इस दौरान, किसान नेता काका सिंह कोटडा ने जानकारी दी कि संयुक्त मोर्चा के प्रमुख जगजीत डल्लेवाल की सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है और उनका वजन 11 किलो घट चुका है। डल्लेवाल को चक्कर आते हैं और उनके लिवर फंक्शन टेस्ट भी खराब आए हैं।

वहीं, किसान नेता दिलबाग सिंह की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उन्हें घायल होने के बाद इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया है। पंढेर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के मंत्री और हरियाणा पुलिस किसानों को निशाना बना रहे हैं। शुक्रवार को दिल्ली कूच करने गए जत्थे में शामिल किसान नेता सुरजीत सिंह फूल को घायल किया गया था।

केंद्र सरकार पर हमला करते हुए पंढेर ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों से विश्वास खो दिया है और अब वह अपनी मांगों को मनवाकर ही दिल्ली कूच करेंगे। उन्होंने पंजाब के गायकों और मशहूर शख्सियतों से किसानों के हक में आवाज उठाने की अपील भी की।

इस बीच, पंजाब में किसान आंदोलन पर राजनीति भी तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि किसान MSP पर कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनका सही तरीके से जवाब नहीं दे रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रताप सिंह बाजवा ने भी MSP पर कानूनी गारंटी के मुद्दे को उठाया है। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने केंद्र सरकार से किसानों से बातचीत करने का आग्रह किया है।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *