वाराणसी। महाकुंभ की आध्यात्मिकता को अपने डिजाइन में उतारते हुए काशी की अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर आकांक्षा सिंह ने एक खास हैंडबैग तैयार किया है। इस बैग में प्रयागराज के महाकुंभ की आध्यात्मिक छवियां उकेरी गई हैं और इसमें किसी भी जानवर के चमड़े का प्रयोग नहीं किया गया, बल्कि गैर रासायनिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है।

आकांक्षा सिंह ने बताया कि इस बैग को तैयार करने में 22 घंटे का समय लगता है। वह खुद फरवरी के पहले सप्ताह में कुंभनगर (प्रयागराज) जाएंगी और शंकराचार्यों को अपनी यह कृति भेंट कर उनका आशीर्वाद लेंगी। उन्होंने महाकुंभ के अद्वितीय आयामों को अपनी कला से जीवंत किया है। इससे पहले आकांक्षा सिंह खेल, धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर बनारसी सिल्क की टाई, स्कार्फ और बैग बना चुकी हैं।

अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान उन्होंने प्राकृतिक रंगों पर डिजाइन किए गए टाई और स्कार्फ पर्यटन अधिकारियों को भेंट किए थे। पेरिस ओलंपिक में भी उनकी बनाई गई ओलंपिक टाई को ललित उपाध्याय को भेंट किया गया था, जिन्होंने हॉकी में कांस्य पदक जीता था।
