बेंगलुरु। भारत में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) के पहले मामले की पुष्टि हो गई है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 8 महीने के एक बच्चे को HMPV से संक्रमित पाया गया है। बुखार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में वायरस की पुष्टि हुई।
चौंकाने वाली बात यह है कि बच्चे की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। फिलहाल, उसका इलाज बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट्स पॉजिटिव आई हैं। इस घटना की जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को भी दे दी गई है।
दिल्ली और महाराष्ट्र में एडवाइजरी जारी
हाल ही में दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में HMPV को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले चीन में इस वायरस के मामलों में वृद्धि देखी गई थी। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि भारत में मिला यह मामला चीन में फैल रहे HMPV के समान स्ट्रेन से जुड़ा है या नहीं।