वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के जवाहरनगर कॉलोनी निवासी अश्वनी कुमार सिंह के साथ एक जालसाजी का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर को अश्वनी ने अपने टीवी के लिए टाटा स्काई का रिचार्ज कराने के लिए गूगल पर उपलब्ध कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को टाटा स्काई का कस्टमर केयर एग्जिक्यूटिव बताया और रिचार्ज प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज भेजा। इसके बाद, आरोपी ने एक ऐप डाउनलोड कराया।
एप डाउनलोड करने के बाद अश्वनी के खाते से 90,518 रुपए कट गए। पैसे कटने का मैसेज देख अश्वनी ने दोबारा आरोपी से संपर्क किया, तो उसने पैसे वापस करने का आश्वासन दिया और दूसरा खाता नंबर लिया। कुछ समय बाद, उनके दूसरे खाते से 24,000 रुपए और फिर 1,414 रुपए कट गए।
अश्वनी की शिकायत पर भेलूपुर थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।