चंडीगढ़। HARYANA में कांग्रेस विधायक दल के नेता के नाम का ऐलान गुरुवार (6 मार्च) को हो सकता है। इस पद की रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा सबसे आगे माने जा रहे हैं। इस संबंध में हरियाणा कांग्रेस कार्यालय में शाम को विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, क्योंकि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र जल्द शुरू होने वाला है।
इस बीच कांग्रेस नेता अजय सिंह यादव ने प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष किसी भी गुट का पिछलग्गू नहीं बल्कि पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित होना चाहिए। साथ ही उन्होंने राज्य में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने की भी मांग की और इसके लिए बीजेपी के पन्ना प्रमुख मॉडल का उदाहरण दिया।

हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को स्टियरिंग कमेटी की बैठक बुलाई थी, जिसमें अजय यादव ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पन्ना प्रमुख तक संगठन बना लिया है, लेकिन कांग्रेस में न तो जिला स्तर, न प्रदेश स्तर और न ही ब्लॉक स्तर पर कोई कमेटी है। संगठन को जल्द से जल्द मजबूत करने की जरूरत है।

अजय यादव ने सुझाव दिया कि हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का चयन पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति समुदाय को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति हो जो कांग्रेस पार्टी का निष्ठावान हो, पार्टी की विचारधारा पर चले और किसी एक व्यक्ति का समर्थन करने की बजाय सभी को साथ लेकर चले। साथ ही गैर-जाट नेता को भी मौका मिलना चाहिए।