जौनपुर: पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र (IG Mohit Gupta), मोहित गुप्ता ने शुक्रवार को जनपद जौनपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय और विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान IG ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
IG Mohit Gupta : विभिन्न शाखाओं और सुविधाओं का किया निरीक्षण
आईजी मोहित गुप्ता (IG Mohit Gupta) ने पुलिस लाइन में स्थित एमटी शाखा, आर्मरी, क्वार्टर गार्ड, पुलिस चिकित्सालय, भोजनालय, आरओ प्लांट, बैरकों और अन्य इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन के गेट नंबर 1 और 2, केंद्रीय पुलिस कैंटीन, अतिथि गृह, आदेश कक्ष और साक्ष्य कक्ष के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण भी किया।

जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहां फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। IG Mohit Gupta ने शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया और साप्ताहिक समीक्षा कर पीड़ितों को संतुष्ट करने की हिदायत दी।

सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में IG ने सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रमुखों से आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों की प्रगति पर चर्चा की और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा और अपराध रोकथाम पर जोर
IG ने ‘मिशन शक्ति अभियान’ के तहत महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं को आत्मरक्षा से संबंधित जानकारी देने और पुलिस से संपर्क की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया। साथ ही, भूमि विवादों को निपटाने के लिए राजस्व अधिकारियों से समन्वय बनाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों से दौड़ और ड्रिल करवाई
21 मार्च को आईजी मोहित गुप्ता (IG Mohit Gupta) ने रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की फिटनेस पर जोर देते हुए दौड़ और अनुशासन ड्रिल करवाई। उन्होंने पुलिस बैरक, पुलिस मेस, कैंटीन, यातायात कार्यालय और अन्य इकाइयों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कैस्तुभ, पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर देवेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अनुपम सिंह सहित अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।