रुड़की I भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2025 के लिए आवेदन सुधार प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार अब अपने आवेदन पत्र में त्रुटियों को सुधारने के लिए आधिकारिक वेबसाइट (gate2025.iitr.ac.in) का उपयोग कर सकते हैं।
यह सुधार प्रक्रिया आज गुरुवार से शुरू हुई है और यह 6 नवंबर, 2024 तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में बदलाव करने के लिए अपने लॉगिन क्रेडेंशियल जैसे पंजीकरण संख्या और जन्म तिथि का उपयोग करना होगा।
GATE 2025 के मॉक टेस्ट लिंक भी जारी किए गए हैं, जो 38 विषयों के लिए सक्रिय हैं। परीक्षा की तारीखें 1, 2, 15 और 16 फरवरी 2025 निर्धारित की गई हैं, और परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा की अवधि तीन घंटे होगी, जिसमें दो शिफ्ट्स में परीक्षा ली जाएगी: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक।
उम्मीदवार केवल श्रेणी, पेपर, परीक्षा शहर में बदलाव, एक अतिरिक्त टेस्ट पेपर जोड़ने या व्यक्तिगत विवरण अपडेट करने के लिए आवेदन सुधार कर सकते हैं। एडमिट कार्ड 2 जनवरी, 2025 को जारी किया जाएगा और परिणाम 19 मार्च, 2025 को घोषित किए जाएंगे।