नई दिल्ली I नजफगढ़ से विधायक कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली है। भाजपा मुख्यालय में मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान दिल्ली भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
कैलाश गहलोत ने कहा कि यह उनका निर्णय किसी दबाव में नहीं बल्कि विचारपूर्वक लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी में मूल्यों का पतन हुआ है और पार्टी का राजनीतिक एजेंडा दिल्ली के विकास में रुकावट बना हुआ है। गहलोत ने आम आदमी पार्टी पर दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया, साथ ही दिल्ली सरकार पर केंद्र सरकार से लगातार लड़ाई करने की आलोचना की, जिससे राज्य का विकास बाधित हो रहा है।

गहलोत ने यह भी कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित हैं और दिल्ली का विकास भाजपा के साथ मिलकर करना चाहते हैं। इस्तीफा देने से पहले गहलोत ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर पार्टी में हो रहे भ्रष्टाचार और कार्यकुशलता की कमी की ओर इशारा किया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री आतिशी ने गहलोत का इस्तीफा मंजूर कर लिया है और उनके विभाग अब मुख्यमंत्री के पास रहेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी ने कैलाश गहलोत पर ईडी और इनकम टैक्स के मामलों में फंसे होने का आरोप लगाया और दावा किया कि भाजपा ने इन आरोपों से बचने के लिए उन्हें पार्टी में शामिल किया है।
