नई दिल्ली I कर्तव्य पथ पर आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस परेड में रविवार को देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और महिला सशक्तीकरण की अनोखी झलक देखने को मिली। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ 21 तोपों की सलामी दी गई। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो मुख्य अतिथि के रूप में परेड में शामिल हुए।
परेड में भारतीय सेना के भीष्म टैंक, पिनाका मल्टी लॉन्चर रॉकेट सिस्टम और DRDO का प्रलय वेपन सिस्टम जैसे अत्याधुनिक हथियार प्रदर्शित किए गए। भारतीय वायुसेना के 40 विमानों के फ्लाई पास्ट ने समारोह को और भी भव्य बनाया। इस फ्लाई पास्ट में राफेल, अपाचे और सी-17 ग्लोबमास्टर जैसे विमान शामिल थे।

महिला सशक्तीकरण की झलक परेड में खासतौर पर देखने को मिली। CRPF मार्चिंग परेड का नेतृत्व असिस्टेंट कमांडेंट ऐश्वर्या जॉय एम ने किया, वहीं NCC गर्ल्स टुकड़ी का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर एकता कुमारी ने किया। कर्तव्य पथ पर झांकियों में 15 राज्यों और 16 मंत्रालयों की झांकियां प्रदर्शित हुईं। झारखंड की झांकी ने राज्य की स्वर्णिम विरासत और विकास को प्रदर्शित किया, जिसमें रतन टाटा और टाटा समूह के योगदान को भी श्रद्धांजलि दी गई।

परेड का समापन राष्ट्रपति मुर्मू और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बग्घी में रवाना होने के साथ हुआ। गणतंत्र दिवस समारोह में हजारों नागरिकों ने देश की ताकत और संस्कृति की इस भव्य झलक को सराहा।
