‘मोदी सरकार ने किया अपमान’, मनमोहन सिंह का निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार देख भड़के राहुल गांधी

नई दिल्ली I पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का शनिवार को निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार स्थल और स्मारक को लेकर राजनीति का माहौल गरमा गया है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान किया है।

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर करके सरकार ने उनका अपमान किया है। वह एक दशक तक भारत के प्रधानमंत्री रहे और उनके नेतृत्व में देश एक आर्थिक महाशक्ति बना। उनके द्वारा बनाई गई नीतियां आज भी गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं।”

राहुल गांधी ने यह भी कहा, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का हमेशा सम्मान किया गया और उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों पर किए गए, ताकि लोग बिना किसी कठिनाई के उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान (भारत रत्न) और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को इस महान नेता और उनकी गौरवमयी कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था।”

इसके पहले, शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर डॉ. मनमोहन सिंह के लिए अलग से स्मारक बनाने की मांग की थी। इस मांग में अकाली दल और आम आदमी पार्टी (AAP) भी कांग्रेस के साथ शामिल हो गए हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार किए जाने पर हैरानी जताई और सवाल उठाया कि क्यों डॉ. मनमोहन सिंह के लिए राजघाट पर स्मारक नहीं बनाया गया।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *