मुलायम सिंह के भाई राजपाल सिंह यादव का निधन, परिवार में शोक की लहर

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा, राजपाल सिंह यादव, का निधन हो गया है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार तड़के 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

रामगोपाल यादव ने जताया शोक

राजपाल यादव के निधन पर उनके भाई और सपा नेता रामगोपाल यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मैं अत्यंत दुख के साथ सूचित कर रहा हूँ कि मेरे अनुज राजपाल सिंह का आज सुबह चार बजे मेदांता अस्पताल, गुड़गांव में असामयिक निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार मेरे पैतृक गांव सैफई में आज दोपहर बाद किया जाएगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।”

बीमारी से जूझ रहे थे राजपाल यादव

राजपाल सिंह यादव काफी समय से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों से इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और गुरुवार सुबह उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से समाजवादी परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। सैफई स्थित उनके घर पर लोगों का आना-जाना जारी है।

सैफई में अंतिम विदाई

गुरुग्राम से उनके पार्थिव शरीर को आज उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया जाएगा। शव को कुछ समय के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। हालांकि, अंतिम संस्कार का समय अभी स्पष्ट नहीं है। यादव परिवार के सदस्य और समाजवादी पार्टी के समर्थक आज एक बार फिर सैफई में जुटेंगे।

परिवार में गहरा शोक

राजपाल सिंह यादव, मुलायम सिंह यादव के पांच भाइयों में से चौथे नंबर पर थे। वे मुलायम सिंह से छोटे और शिवपाल यादव से बड़े थे। शिवपाल यादव सबसे छोटे भाई हैं। राजपाल यादव का बेटा अंशुल यादव भी सक्रिय राजनीति में है और वह लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना गया है।

राजपाल यादव की पत्नी प्रेमलता यादव ने 2005 में राजनीति में कदम रखा था। वे यादव परिवार की पहली महिला थीं जिन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में शिवपाल यादव की पत्नी सरला यादव, अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने भी राजनीति में प्रवेश किया।

राजपाल यादव के निधन से यादव परिवार और सपा समर्थकों में शोक व्याप्त है। उनका योगदान और यादें हमेशा परिवार और पार्टी के साथ जुड़ी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *