Varanasi : Nagar Nigam की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता से त्रस्त वाराणसी का सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 नारकीय हालात से गुजर रहा है। इस दलित बहुल क्षेत्र में जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे नालियों का गंदा पानी सड़कों और घरों में भर गया है। स्थिति इतनी विकट हो गई है कि लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात एक युवक को सांप ने काट लिया, जो गंभीर रूप से घायल है। वहीं कई लोग बुखार, संक्रमण और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं। कीड़े-मकोड़े, सांप-बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों का डर लोगों को रातभर सोने नहीं दे रहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति सबसे अधिक खराब है, जिनका बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।

इतना ही नहीं, इलाके में लगे कई बिजली के खंभों में करंट उतर रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों का रोजमर्रा का जीवन ठप हो गया है।
स्थानीय नागरिक मुन्नीलाल, करण, सूरज, पन्नालाल, सुनीता, मनोज और सितारा देवी ने Nagar Nigam के खिलाफ रोष जताया है और प्रशासन से मांग की है कि तुरंत जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही फॉगिंग कराई जाए, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हो और पीड़ित क्षेत्र में मेडिकल कैंप लगाया जाए।

जनता का कहना है कि Nagar Nigam के अधिकारी वार्ड की ओर झांकने तक नहीं आए हैं, जबकि समस्या की जानकारी कई बार दी जा चुकी है। स्थिति अगर जल्द नहीं सुधरी तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Nagar Nigam की चुप्पी और निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? जनता जानना चाहती है कि आखिर उन्हें इस नरकीय जीवन से कब निजात मिलेगी।
