नई दिल्ली I केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में मिशन ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मिशन के तहत 12 लाख स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया और कोविड-19 महामारी से निपटने में इसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जूट का MSP 6% बढ़कर 5,650 रुपये प्रति क्विंटल
कैबिनेट ने विपणन सत्र 2025-26 के लिए कच्चे जूट का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 5,650 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। यह पिछले MSP से 315 रुपये या 6% अधिक है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि नया MSP अखिल भारतीय औसत उत्पादन लागत पर 66.8% का लाभ सुनिश्चित करता है।
जूट के MSP में हुई 2.35 गुना वृद्धि
सरकार ने 2014-15 के 2,400 रुपये प्रति क्विंटल से कच्चे जूट का MSP बढ़ाकर 2025-26 के लिए 5,650 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। यह वृद्धि जूट उत्पादकों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।