Movie prime

बंगाल में अवैध घुसपैठियों की अब खैर नहीं, हर जिले में बनाए जाएंगे होल्डिंग सेटर, क्या होगा इनका काम ?

पश्चिम बंगाल सरकार ने अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान और निर्वासन प्रक्रिया तेज करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सभी जिलों में होल्डिंग सेंटर बनाए जाएंगे, जहां निर्वासन का इंतजार कर रहे विदेशी नागरिकों को रखा जाएगा। गृह विभाग ने सभी DM को आदेश जारी किया है।

 
होल्डिंग सेटर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ और विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई अब तेज होती दिखाई दे रही है। राज्य सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या नागरिकों की पहचान के बाद उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया को गति देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत राज्य के सभी जिलों में ‘होल्डिंग सेंटर’ बनाए जाएंगे, जहां निर्वासन या वतन वापसी का इंतजार कर रहे विदेशी नागरिकों को रखा जाएगा।

इस संबंध में पश्चिम बंगाल के गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग (Home and Hill Affairs Department) की ओर से सभी जिलाधिकारियों (DM) को आधिकारिक पत्र भेजा गया है।

सभी जिलों के DM को भेजा गया आदेश

राज्य सरकार द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि हर जिले में ऐसे विदेशी नागरिकों के लिए होल्डिंग सेंटर स्थापित किए जाएं, जो अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं या जिनकी निर्वासन प्रक्रिया लंबित है।

पत्र में कहा गया है कि गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार गिरफ्तार किए गए विदेशी नागरिकों और रिहा किए गए उन कैदियों को, जिनकी वतन वापसी बाकी है, इन होल्डिंग सेंटरों में रखा जाएगा।

सरकार का मानना है कि इससे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और तेज हो सकेगी।

घुसपैठियों की पहचान और निर्वासन पर फोकस

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन सेंटरों का मुख्य उद्देश्य उन विदेशी नागरिकों को एक स्थान पर रखना है, जिनकी नागरिकता और दस्तावेजों की जांच पूरी हो चुकी है और जिन्हें वापस उनके देश भेजा जाना है।

पश्चिम बंगाल लंबे समय से अवैध घुसपैठ के मुद्दे को लेकर राजनीतिक बहस का केंद्र रहा है। खासतौर पर सीमा से सटे जिलों में बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्या नेटवर्क को लेकर कई बार सुरक्षा एजेंसियां चिंता जता चुकी हैं।

अब राज्य सरकार के इस फैसले को उसी दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।

BSF को जमीन देने के बाद एक और बड़ा फैसला

इससे पहले भी राज्य सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ेबंदी (Border Fencing) के लिए BSF को जमीन उपलब्ध कराने का फैसला लिया था। यह मामला लंबे समय से अटका हुआ था।

सरकार के इस कदम के बाद सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और अवैध घुसपैठ रोकने की प्रक्रिया को नई गति मिली थी। अब होल्डिंग सेंटर बनाने के फैसले को उसी रणनीति का अगला चरण माना जा रहा है।

क्या होंगे इन होल्डिंग सेंटरों के काम?

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक इन सेंटरों में उन लोगों को रखा जाएगा—

  • जो अवैध रूप से भारत में रह रहे पाए गए
  • जिनके खिलाफ निर्वासन आदेश जारी हो चुके हैं
  • जो विदेशी नागरिक जेल से रिहा हो चुके हैं लेकिन वतन वापसी बाकी है
  • जिनकी पहचान और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है

इन सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और प्रशासनिक रिकॉर्ड रखने की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

राजनीतिक और सुरक्षा दृष्टि से क्यों अहम है फैसला?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला सिर्फ प्रशासनिक नहीं बल्कि सुरक्षा और राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। पश्चिम बंगाल की सीमा बांग्लादेश से लगती है और पिछले कई वर्षों से अवैध घुसपैठ बड़ा मुद्दा बना हुआ है।

ऐसे में राज्य सरकार द्वारा हर जिले में होल्डिंग सेंटर बनाने का निर्णय आने वाले समय में राज्य की सुरक्षा रणनीति और सीमा प्रबंधन नीति को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल सरकार ने जिलाधिकारियों को जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान चिन्हित कर होल्डिंग सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।