इंडिगो संकट: पांचवें दिन मुंबई एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द, पिछले 4 दिनों में 2000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल
नई दिल्ली I देशभर में हवाई यात्रा पर मंडराया संकट लगातार गहराता जा रहा है। भारत की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन IndiGo ने क्रू मेंबर्स (पायलट और केबिन क्रू) की भारी कमी के चलते भारी संख्या में उड़ानें रद्द कर दी हैं। पिछले चार दिनों में इंडिगो की 2000 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जबकि पांचवें दिन यानी शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट से इंडिगो की सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। मुंबई से रोजाना औसतन 100 से ज्यादा इंडिगो फ्लाइट्स उड़ान भरती हैं।इसके अलावा अन्य रूटों पर हवाई टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं। कई सेक्टरों में किराया सामान्य से 8-10 गुना तक बढ़ गया है।
क्षेत्रीय स्तर पर भी असर दिख रहा है:
- तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट से 3 घरेलू उड़ानें रद्द
- अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 6-7 दिसंबर की मध्यरात्रि 12 बजे से सुबह 6 बजे तक 7 आगमन और 12 प्रस्थान उड़ानें कैंसिल
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारी सबसे पहली प्राथमिकता सामान्य स्थिति बहाल करना और यात्रियों को हर संभव सहायता देना है। हम इस पूरे मामले पर गहरी नजर रखे रख रहे हैं और FDTL (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) मानदंडों व शेड्यूलिंग नेटवर्क का सख्ती से पालन करवा रहे हैं।”
मंत्री ने आगे बताया कि मंत्रालय ने इस संकट की गहराई से जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी है। समिति यह पता लगाएगी कि आखिर गड़बड़ी कहां हुई और जिम्मेदारी किसकी है। इस मामले को यों ही नहीं छोड़ा जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
