Movie prime

जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से PM मोदी फूंकेंगे बिहार में चुनावी बिगुल, इस बार फोकस OBC-EBC वोट बैंक

 
PM Modi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार से एनडीए के चुनावी अभियान का शंखनाद करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम से शुरू होगा, यानी जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से। इसके बाद पीएण मोदी समस्तीपुर के दूधपुरा पुलिस लाइन मैदान में विशाल चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।


यह रैली सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश देने वाली भी मानी जा रही है। मोदी सरकार ने हाल ही में कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था, और अब उनके गांव से ही चुनाव प्रचार की शुरुआत करके भाजपा-जदयू गठबंधन ने साफ कर दिया है कि इस बार फोकस ओबीसी और ईबीसी वोट बैंक पर रहेगा।


पहली रैली से तय होगा बीजेपी का एजेंडा

यह रैली इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यह प्रधानमंत्री की पहली सभा होगी। उम्मीद है कि इस मंच से पीएम मोदी परिवारवाद, जंगलराज और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर विपक्षी महागठबंधन को घेर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, पीएम तेजस्वी यादव की चुनौती का भी जवाब दे सकते हैं, जिन्होंने हाल ही में कहा था कि एनडीए अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित क्यों नहीं कर रहा।

बीजेपी का सोशल इंजीनियरिंग मिशन

कर्पूरीग्राम से प्रचार की शुरुआत करना भाजपा के लिए सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि रणनीतिक कदम भी है। कर्पूरी ठाकुर को अति पिछड़ों के मसीहा के रूप में देखा जाता है। ऐसे में यह संदेश देना कि भाजपा-जदयू गठबंधन सामाजिक न्याय की विरासत को आगे बढ़ा रहा है, एनडीए के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश है।

परिवार की मिली-जुली प्रतिक्रिया

जहाँ कर्पूरी ठाकुर के पुत्र और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने प्रधानमंत्री की इस पहल की सराहना की, वहीं उनकी पोती जागृति ठाकुर, जो इस बार मोरवा विधानसभा से जनसुराज प्रत्याशी हैं, ने इसे चुनावी लाभ लेने की कोशिश बताया है।

एनडीए की तैयारी और शाह-नड्डा की भूमिका

प्रधानमंत्री से पहले अमित शाह और जेपी नड्डा पहले ही बिहार के अलग-अलग इलाकों में रैली कर चुके हैं। अमित शाह बक्सर और सीवान में चुनावी रणनीति पर काम कर रहे हैं और टिकट वितरण से नाराज नेताओं को मनाने में जुटे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कर्पूरी ठाकुर की धरती से प्रचार की शुरुआत कर मोदी न सिर्फ सामाजिक समीकरणों को साधने, बल्कि विपक्ष को प्रतीकात्मक रूप से चुनौती देने जा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि उनकी यह कर्पूरी कार्ड रणनीति चुनावी मैदान में कितना असर दिखाती है।

प्रधानमंत्री का आज का पूरा कार्यक्रम
  • सुबह 10 बजे पीएम मोदी दिल्ली से रवाना होकर दरभंगा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
  • वहां से वे सीधे कर्पूरीग्राम स्थित जीकेपीडी कॉलेज मैदान जाएंगे।
  • सबसे पहले वे कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
  • दोपहर 12 बजे समस्तीपुर के दूधपुरा पुलिस लाइन मैदान में विशाल चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
  • इसके बाद 1:40 बजे बेगूसराय में एक और चुनावी सभा होगी।

रैली के बाद वे दरभंगा हवाई अड्डे से दिल्ली लौटेंगे।