त्विषा शर्मा मामले में दूसरा पोस्टमार्टम पूरा, परिवार बोला- अब सच सामने आएगा
New Delhi : भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा मामले में रविवार को दूसरा पोस्टमार्टम पूरा हो गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने भोपाल एम्स में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में दोबारा ऑटोप्सी की प्रक्रिया पूरी की। करीब चार घंटे तक चली इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई और सभी वैज्ञानिक प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम शुरू हुआ था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली एम्स की टीम वापस लौट गई। अब परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार आज शाम भदभदा विश्राम घाट में किया जाएगा।
इस मामले को लेकर लोगों की नजरें अब दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। परिवार को उम्मीद है कि रिपोर्ट से मौत के कारणों से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आएंगे। रविवार सुबह दिल्ली एम्स की विशेष फॉरेंसिक टीम, जांच में जुटा विशेष जांच दल (SIT) और त्विषा के परिजन एम्स पहुंचे थे। तय प्रक्रिया के तहत सबसे पहले परिवार ने शव की पहचान की, जिसके बाद दूसरी ऑटोप्सी शुरू की गई।
एम्स परिसर और मर्चुरी के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और सुरक्षा गार्डों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई थी।
त्विषा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार को दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से काफी उम्मीदें हैं और इससे मामले में उठ रहे संदेहों पर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
वहीं, त्विषा की सास और पति के अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर मेजर हर्षित शर्मा ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिवार का पूरा ध्यान पोस्टमार्टम प्रक्रिया और उसके निष्कर्षों पर केंद्रित है।
