नई दिल्ली। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पंडित नेहरू को याद किया, जबकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य नेता शांति वन में पंडित नेहरू के समाधि स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने परदादा पंडित नेहरू को याद करते हुए कहा कि, “दुनिया की सारी बुराइयों की जड़ डर है। जनसेवक का कर्तव्य है कि वह जनता में निडरता और साहस को बढ़ावा दे।” उन्होंने पंडित नेहरू को जनता का सच्चा प्रतिनिधि बताया और उनकी निडरता और सेवा की भावना को सलाम किया।*बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है नेहरू जयंती*पंडित नेहरू की जयंती को देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों से उनके गहरे लगाव के कारण 14 नवंबर को यह दिन बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था। यह दिन बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रतीक है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, “आधुनिक भारत के जनक, संस्थानों के निर्माता, हमारे प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू जी को सादर नमन। उनके प्रगतिशील, लोकतांत्रिक और दूरदर्शी विचार हमारे आदर्श हैं और सदैव बने रहेंगे।”