पेरिस ओलंपिक विजेता मनु भाकर और ग्रैंडमास्टर डी गुकेश को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार

नई दिल्ली I पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए दो ओलंपिक पदक जीतने वाली महिला निशानेबाज मनु भाकर और विश्व शतरंज चैंपियनशिप के विजेता भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश सहित चार खिलाड़ियों को इस साल के खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्रालय ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 की घोषणा की। विजेताओं को 17 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जाएगा।


मनु और गुकेश के अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरालंपिक एथलीट प्रवीण कुमार को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा जाएगा। खेल मंत्रालय ने बयान में कहा कि पुरस्कारों के लिए समिति की सिफारिशों और सरकार द्वारा की गई जांच के आधार पर खिलाड़ियों, कोच और संस्थानों को सम्मानित किया जा रहा है।


34 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड
खेल रत्न के साथ ही इस वर्ष 34 खिलाड़ियों को खेलों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनमें एथलीट सुचा सिंह और पैरा तैराक मुरलीकांत राजाराम पेटकर को लाइफटाइम अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।


कोचों को भी मिलेगा सम्मान
बेहतरीन कोचिंग के लिए पांच लोगों को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें बैडमिंटन कोच एस मुरलीधरन और फुटबॉल कोच अरमांडो एगनेलो कोलाको को लाइफटाइम श्रेणी में शामिल किया गया है।


राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और माका ट्रॉफी
फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय को ओवरऑल यूनिवर्सिटी विजेता के तौर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी दी जाएगी। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी को फर्स्ट रनरअप और अमृतसर की गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी को सेकेंड रनरअप के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *