प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मशहूर गायक पी जयचंद्रन के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएम मोदी ने ट्विटर पर कहा कि जयचंद्रन को एक शानदार आवाज का वरदान प्राप्त था, जो कई तरह की भावनाओं को व्यक्त करती थी। उन्होंने यह भी कहा कि “विभिन्न भाषाओं में उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियां आने वाली पीढ़ियों के दिलों को छूती रहेंगी। उनके निधन से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।”
पी जयचंद्रन का निधन 80 वर्ष की आयु में हुआ। उनका निधन एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था, जहां उन्हें गुरुवार को गिरने के बाद भर्ती कराया गया था। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। जयचंद्रन को विशेष रूप से मलयालम सिनेमा में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जयचंद्रन ने मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में 16 हजार से ज्यादा गाने गाए थे। उन्हें भारतीय संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कारों से नवाजा गया था, जिनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और केरल सरकार का जे सी डैनियल पुरस्कार शामिल है। उन्हें फिल्म श्री नारायण गुरु में ‘शिव शंकर शरण सर्व विभो’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था।