नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के “वित्तीय रूप से संभव” वाले बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि कांग्रेस अब बुरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्हें समझ में आ गया है कि झूठे वादे करना आसान है, लेकिन उन्हें लागू करना मुश्किल या असंभव है। प्रचार अभियान चलाकर वादे करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं कर पाते।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इन राज्यों में विकास की गति धीमी पड़ गई है और राजकोषीय हालत खराब है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटी अधूरी रह जाती है, जिससे गरीब, युवा, किसान और महिलाएं पीड़ित हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आंतरिक राजनीति और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस अपनी योजनाओं को लागू करने के बजाय राजनीति और लूटपाट में व्यस्त है। हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, और तेलंगाना के किसान कर्जमाफी का इंतजार कर रहे हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने पांच साल से कुछ वादों को अधूरा छोड़ रखा है।
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस के झूठे वादों और भ्रमित करने वाली राजनीति से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि पूरे देश में लोगों को यह महसूस हो रहा है कि कांग्रेस का शासन केवल आर्थिक बदहाली और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है। साथ ही उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत के लोग विकास और प्रगति चाहते हैं, वही पुराना तरीका नहीं।
