नई दिल्ली I राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में महिलाएं कई परिचालन और तकनीकी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रपति ने भारतीय विमानन क्षेत्र की सफल महिलाओं के एक समूह के साथ बातचीत करते हुए जोर दिया कि विमानन उद्योग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए समान अवसर भी आवश्यक हैं।
राष्ट्रपति के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने शिक्षा और उचित प्रशिक्षण के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण माना। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद परिवार से सहयोग न मिलने के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाती हैं। राष्ट्रपति ने सफल महिलाओं से अन्य महिलाओं को मार्गदर्शन देने और उन्हें अपने करियर के चुनाव के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
उन्होंने उल्लेख किया कि भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में महिलाएं विभिन्न परिचालन और तकनीकी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जैसे कि 15 प्रतिशत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर महिलाएं हैं और 11 प्रतिशत फ्लाइट डिस्पैचर भी महिलाएं हैं। इसके साथ ही, पिछले साल वाणिज्यिक लाइसेंस प्राप्त करने वाले 18 प्रतिशत पायलट महिलाएं थीं। राष्ट्रपति ने सरकार के समावेशी प्रयासों की सराहना की, जिससे नागरिक उड्डयन क्षेत्र में महिलाओं की प्रगति को बढ़ावा मिला है और अब अधिक से अधिक महिलाएं विमानन को अपने करियर के रूप में चुन रही हैं।
