
नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुयाना और बारबाडोस में सर्वोच्च सम्मान मिलेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक लोकप्रियता का एक और उदाहरण देखने को मिलेगा जब उन्हें गुयाना और बारबाडोस में उनके सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। गुयाना में प्रधानमंत्री मोदी को द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस और बारबाडोस में ऑनररी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस सम्मान से नवाजा जाएगा। इससे पहले डोमिनिका ने हाल ही में पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया था।
नाइजीरिया का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीय सम्मान भी पीएम को मिला
रविवार को नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने दूसरे सबसे बड़े राष्ट्रीय सम्मान, ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर से सम्मानित किया। यह सम्मान प्राप्त करने वाले मोदी दूसरे विदेशी नेता बन गए हैं। सम्मान के बाद पीएम मोदी ने इसे भारतीय जनता को समर्पित किया और गर्व व्यक्त किया। इससे पहले, यह पुरस्कार 1969 में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ को प्रदान किया गया था।
19 देशों के सर्वोच्च सम्मान प्राप्त कर चुके हैं प्रधानमंत्री मोदी
2014 से अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक और क्षेत्रीय नेतृत्व के लिए कुल 19 देशों ने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किए हैं। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र का चैंपियन ऑफ द अर्थ अवार्ड भी उनके नाम है।

अफगानिस्तान और फिलिस्तीन से भी मिला है सम्मान
पीएम मोदी को 2016 में अफगानिस्तान ने स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान और 2018 में फिलिस्तीन ने ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन से सम्मानित किया। 2019 में संयुक्त अरब अमीरात ने ऑर्डर ऑफ जायद और रूस ने ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू से उन्हें नवाजा।
फ्रांस, मिस्र और अन्य देशों ने भी किए हैं सम्मानित
2023 में फ्रांस ने पीएम मोदी को लीजन ऑफ ऑनर और मिस्र ने ऑर्डर ऑफ द नाइल से सम्मानित किया। मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी ने कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू और पलाऊ गणराज्य ने एबाकल पुरस्कार दिया।
प्रधानमंत्री मोदी का कहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक सम्मान को भारतीय जनता को समर्पित करते हुए इसे देश की प्रतिष्ठा के रूप में देखा है।
