लखनऊ। आज देशभर में रेलवे कर्मचारियों के यूनियन चुनाव बड़े जोश और उत्साह के साथ हो रहे हैं। लखनऊ मंडल में लगभग 20,800 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जबकि वाराणसी में 2,800 कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। यह चुनाव रेलवे कर्मचारियों के बुनियादी अधिकारों और सुविधाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चुनाव के दौरान अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जीआरपी के जवानों के साथ वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की टीम भी सुरक्षा में मुस्तैद रही। चुनाव अधिकारी अर्पित गुप्ता ने जानकारी दी कि यह चुनाव प्रक्रिया चार से पांच दिनों तक चलेगी और 12 दिसंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
महिलाओं के लिए विशेष बूथ बनाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल फोन के बूथ पर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।