अयोध्या I भगवान राम की नगरी अयोध्या में रामलला के जन्मोत्सव (Ram Navami) को लेकर धूमधाम से तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। इस बार का रामलला का जन्मोत्सव बेहद खास होगा, क्योंकि इसके तहत भगवान का सूर्य तिलक किया जाएगा, जिसे देश और दुनिया भर में लाइव प्रसारित किया जाएगा। 6 अप्रैल को रामनवमी के मौके पर भगवान राम का अभिषेक 9:20 बजे शुरू होगा और 10:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद भगवान को वस्त्र धारण कराए जाएंगे और 11:50 बजे तक उनका श्रृंगार किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।
इस साल Ram Navami पर विशेष रूप से भगवान रामलला के मस्तक पर सूर्य तिलक करने की स्थाई व्यवस्था की जाएगी, जो अगले 20 वर्षों तक जारी रहेगी। पहले यह तिलक अस्थाई तौर पर किया गया था। अब इसे वैज्ञानिक पद्धति से किया जाएगा और भगवान के प्रकाशोत्सव से पहले अभिषेक होगा। इसके बाद भगवान को नवीन वस्त्र पहनाए जाएंगे और महाआरती की जाएगी, जिसका लाइव प्रसारण राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।

राम मंदिर ट्रस्ट के द्वारा आयोजित किए जा रहे धार्मिक अनुष्ठानों के तहत राम कथा का आयोजन 7 दिन चलेगा। साथ ही, रामचर्चा और रामायण के पारायण के साथ एक लाख महा मंत्रों की आहुति प्रतिदिन दी जाएगी। मंदिर ट्रस्ट की ओर से भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी, जहां राम भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी Ram Navami को भव्य रूप से मनाने और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को लेकर एक बड़ी बैठक की थी। इस बार राम जन्मोत्सव को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।