अयोध्या I अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जा रही है। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। पुजारियों ने रामलला का पंचामृत अभिषेक किया, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से स्नान कराकर गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया। इसके बाद रामलला का भव्य श्रृंगार किया गया। उन्हें सोने के तारों से बने पीतांबर वस्त्र पहनाए गए और हीरे जड़े मुकुट से सजाया गया।
देशभर से श्रद्धालु, जिनमें दिल्ली और हिमाचल समेत 10 राज्यों के लोग शामिल हैं, रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। राम मंदिर को विदेशी फूलों से सजाया गया है। अंगद टीला पर जर्मन हैंगर टेंट लगाया गया है, जहां 5,000 श्रद्धालु रामकथा का आनंद लेंगे।
इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला की महाआरती करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस ऐतिहासिक अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राम मंदिर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगा।
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, आज लगभग 2 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन करेंगे। प्राण-प्रतिष्ठा वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 11 से 13 जनवरी तक विशेष उत्सव आयोजित किए जाएंगे। इन तीन दिनों में केवल आम दर्शन की व्यवस्था होगी, जो सुबह 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक जारी रहेगा। VIP दर्शन की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए भारी संख्या में अयोध्या पहुंच रहे हैं, जिससे रामनगरी का माहौल भक्तिमय हो गया है।
