अयोध्या I मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामनगरी अयोध्या पहुंच चुके हैं, जहां वे रामकथा पार्क में शोभायात्रा की अगवानी करेंगे। इस बार, अयोध्या में एक और बड़ा रिकॉर्ड बन रहा है। सरयू तट पर होने वाली महाआरती में 1100 अर्चक और बटुक शामिल होंगे, जो सभी एक समान वेशभूषा में दिखाई देंगे। यह महाआरती 15 मिनट तक चलेगी, और इतनी बड़ी संख्या में बटुकों का एकत्र होना अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
शाम को राम की पैड़ी पर दीपों को प्रज्ज्वलित करने का कार्य शुरू होगा। 25 लाख दीपों को जगमग करने के लिए राम की पैड़ी के 55 घाटों पर 28 लाख दीये सजाए गए हैं। इन्हें जलाने की जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय के 30 हजार वॉलंटियर्स को सौंपी गई है। सभी दीये शाम तक जल जाएंगे और उसके बाद गिनीज बुक की टीम ड्रोन से गिनती करेगी। रिजल्ट रात आठ बजे तक घोषित किया जाएगा।