UP Weather : यूपी में लुढ़का पारा, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सिहरन, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं की तेज़ी और गलन भरे मौसम के साथ सर्दी अपने चरम की ओर बढ़ रही है। पौष माह की शुरुआत के साथ प्रदेश में सुबह-शाम कोहरे की मोटी चादर और दिन में हल्की धूप के बावजूद ठिठुरन लगातार बनी हुई है। गुनगुनी धूप भी लोगों को राहत नहीं दे पा रही।
कई जिलों में दृश्यता बेहद कम
धुंध और कोहरे ने तराई क्षेत्रों में हालात बिगाड़ दिए हैं। कुशीनगर और बहराइच में दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे दर्ज की गई, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। आजमगढ़ में दृश्यता 300 मीटर तक रही। इटावा, अयोध्या और कानपुर शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी। दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई इलाकों में छिटपुट बादलों की मौजूदगी बनी रह सकती है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश पर लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ का असर है। इसके चलते कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। विक्षोभ के गुजरने के बाद मौसम साफ होगा और धूप-छांव की स्थिति में सुधार आएगा। हालांकि, तराई और अन्य जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
अयोध्या रहा सबसे ठंडा जिला
अयोध्या में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है। वहीं बरेली में 7.4 डिग्री और इटावा में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
