UP Weather : यूपी में पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, कोहरे के साथ कोल्डवेव का अलर्ट, जानें IMD का अपडेट
उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब जोर पकड़ लिया है। दिसंबर के पहले ही सप्ताह में न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई जिलों में शीतलहर ने लोगों को कंपकंपी छुड़ा दी है, जबकि कोहरे की स्थिति भी तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और भी कड़ाके की हो सकती है।
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक 6 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह और देर रात के वक्त अलग-अलग जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ जिलों में शीतलहर के चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
इन जिलों में चलेगी शीतलहर
शनिवार को कानपुर, हरदोई, कासगंज, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, इटावा और कन्नौज में बर्फीली हवाएं लोगों को कांपने पर मजबूर कर देंगी।
इन जिलों में छाएगा कोहरा
मेरठ, आगरा, अलीगढ़, झांसी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, उन्नाव, हमीरपुर, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रामपुर, सुल्तानपुर, गोरखपुर, महराजगंज, मुरादाबाद और मथुरा में सुबह-सुबह कोहरे की सफेद चादर छाई रहेगी। कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।
लखनऊ और नोएडा में भी बढ़ी ठंड
राजधानी लखनऊ में शनिवार की सुबह कोहरे से शुरुआत हुई। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ रहेगा। आज न्यूनतम तापमान 10°C और अधिकतम 25°C रहने की उम्मीद है। अगले 1–2 दिनों में इसमें 1 डिग्री तक की हलचल देखी जा सकती है।
इसी तरह नोएडा में भी सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। यहां का न्यूनतम तापमान 10°C और अधिकतम 23°C रहने का अनुमान है। गाजियाबाद का तापमान भी लगभग इसी के आसपास रहेगा।
अगले दिनों में बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यूपी में ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले सप्ताह से घना कोहरा छाने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम तापमान कानपुर में 4.2°C दर्ज किया गया। वहीं मुरादाबाद में 500 मीटर दृश्यता वाला घना कोहरा देखने को मिला।
