वाराणसी। करीब दो हफ्ते पहले नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे (Road Accident) में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान बुधवार को दम तोड़ दिया। यह दर्दनाक हादसा मिर्जामुराद क्षेत्र के बिहड़ा गांव के पास हुआ था।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय प्यारी देवी पत्नी सियाराम सरोज, निवासी पूरे गांव (मिर्जामुराद), अपने पति के साथ भदोही जिले के एक गांव में वैवाहिक समारोह से लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर बिहड़ा के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस टक्कर में प्यारी देवी बुरी तरह घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्यारी देवी के पति सियाराम सरोज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दंपती के चार बेटे हैं।
इस दुखद घटना (Road Accident) से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। परिजन गम में डूबे हुए हैं और घर में कोहराम मचा है। गांव के लोगों ने भी शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।