संभल I संभल में हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच एक नई विवादित मस्जिद के इतिहास को लेकर विवाद छिड़ा है। हिंदू पक्ष ने दावा किया है कि जामा मस्जिद पूर्व में श्री हरिहर मंदिर थी, जिसे मीर हिंदू नामक दरबारी द्वारा मस्जिद में बदल दिया गया था। यह दावा वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन द्वारा संभल की सिविल जज अदालत में दायर याचिका के माध्यम से किया गया।
अदालत के आदेश पर 19 नवंबर को स्थानीय पुलिस और मस्जिद प्रबंध समिति के सदस्यों की उपस्थिति में जामा मस्जिद का सर्वेक्षण किया गया। इसके बाद जिले में स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते मस्जिद के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि जिले में शांति बनाए रखने के लिए गश्त तेज कर दी गई है और किसी भी अराजक तत्व के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को जुमा होने के कारण बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचेंगे। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। हिंदू पक्ष ने अपनी याचिका में बाबरनामा के अंग्रेजी अनुवाद का हवाला दिया है, जिसमें दावा किया गया है कि यह मस्जिद भगवान विष्णु के मंदिर को तोड़कर बनाई गई थी। भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के निदेशक डॉक्टर ओमजी उपाध्याय ने इस दावे को ऐतिहासिक रूप से सही बताया है।