नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत पर पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि संगठन ने बेहतरीन काम किया है और जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया है।
उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, केजरीवाल ने वादा किया था कि वे भारतीय राजनीति में बदलाव लाएंगे, लेकिन वे इसमें पूरी तरह विफल रहे। इसके बजाय, वे शराब घोटाले में आरोपी बन गए और भाजपा तथा प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों का विरोध किया। मैं दिल्ली की जनता को बधाई देती हूं, जिन्होंने मोदी जी के सुशासन और नेतृत्व में भरोसा दिखाया।”
‘मोदी की गारंटी पर जनता ने भरोसा किया’ – स्मृति ईरानी
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाजपा की इस जीत को नरेंद्र मोदी की गारंटी पर जनता की मुहर करार दिया। उन्होंने कहा,
“भारतीय जनता पार्टी ने नरेंद्र मोदी की गारंटी पर दिल्ली में नया इतिहास रच दिया। मैं दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने भाजपा को सेवा का अवसर दिया। अरविंद केजरीवाल सत्ता के अहंकार में चूर थे और आज जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया। अब वे अपने किए गए कुकर्मों के लिए आराम से जेल जा सकते हैं।”
नई दिल्ली सीट से केजरीवाल को मिली करारी हार
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से 4,089 मतों के अंतर से हरा दिया। यह हार AAP के लिए बहुत बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि इस सीट को अरविंद केजरीवाल का मजबूत गढ़ माना जाता था।
भाजपा की इस बड़ी जीत से जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है, वहीं आम आदमी पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।