वाराणसी : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क में प्रदर्शनकारियों ने रेखा गुप्ता का पुतला फूंककर विरोध जताया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) के बयान को अमर्यादित और शर्मनाक बताते हुए कहा कि उन्हें तत्काल अखिलेश यादव और समाजवादी कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो प्रदेश भर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विरोध में जुटे सपा नेता और कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के साथ-साथ जिला अध्यक्ष शशि यादव, संगीता पटेल, पायल विद्या भारती, शाशीदा बेगम, सलमा बेगम, और रिया यादव सहित कई दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाज़ी की और दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला।

बयान पर सियासत गरम
रेखा गुप्ता के कथित बयान को लेकर समाजवादी कार्यकर्ताओं में रोष है और यह मुद्दा अब राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। समाजवादी पार्टी इसे अपने नेता का अपमान मानते हुए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन की योजना बना रही है।
