वाराणसी। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एक बहुप्रतीक्षित मुलाकात निकट भविष्य में संभव है। दोनों नेता इस बैठक के लिए सहमत नजर आ रहे हैं, हालांकि तारीख और स्थान की घोषणा अभी बाकी है। माना जा रहा है कि यह मुलाकात ट्रम्प के 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद संभालने के बाद आयोजित की जाएगी।
ट्रम्प और पुतिन की पिछली मुलाकात 2018 में फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में हुई थी। उस समय ट्रम्प ने रूस द्वारा अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप के आरोपों की जांच में पुतिन के सहयोग के आश्वासन का स्वागत किया था। हालांकि, ट्रम्प के पिछले कार्यकाल में रूस पर कई प्रतिबंध लगाए गए और रूसी राजनयिकों को अमेरिका से निष्कासित किया गया था।
क्रेमलिन के प्रवक्ता के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन बातचीत के जरिए रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए इच्छुक हैं। ट्रम्प ने भी इस युद्ध को तत्काल रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया है और कहा है कि वह 20 जनवरी से पहले भी इस दिशा में भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
रूस ने युद्धविराम के लिए कुछ शर्तें रखी हैं, जिनमें यूक्रेन को NATO में शामिल होने की प्रतिबद्धता छोड़ने और डोनेट्स्क, लुहांस्क, खेरसॉन तथा जापोरिज्जिया क्षेत्रों से अपनी सेना हटाने की मांग शामिल है। यदि इन मुद्दों पर सहमति बनती है, तो यह रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने और विश्व शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
दुनिया की निगाहें इस ऐतिहासिक बैठक पर :-

यह प्रस्तावित मुलाकात वैश्विक राजनीति में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है। पुतिन और ट्रम्प के बीच बिना किसी पूर्व शर्त के बातचीत से यह संकेत मिलता है कि दोनों नेता इस मुद्दे को हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगर इस बैठक से रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान निकलता है, तो यह शांति प्रयासों के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि होगी।