लखनऊ I उत्तर प्रदेश (UP) ने पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर करने में तेजी दिखाते हुए एक मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों और लगातार मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप, प्रदेश से शत-प्रतिशत पाकिस्तानी नागरिकों को 24 घंटे के अंदर उनके देश वापस भेज दिया गया है। केवल एक नागरिक बचा है, जिसे 30 अप्रैल को पाकिस्तान भेजा जाएगा। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इसकी कड़ी निगरानी कर रही हैं।
UP में यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुई, जिसके बाद केंद्र सरकार ने देश में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए। इस हमले के जवाब में UP सरकार ने त्वरित और कड़े कदम उठाए। CM योगी ने गृह विभाग और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और स्पष्ट निर्देश दिए कि UP में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल बाहर किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे सीधे पाकिस्तान पहुंचें। इसके लिए प्रत्येक नागरिक के साथ पुलिस दल को भी भेजा गया।
UP के DGP प्रशांत कुमार ने बताया, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के 75 जिलों में व्यापक अभियान चलाया गया। सभी पाकिस्तानी नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें तत्काल वापस भेजा गया। यह सुनिश्चित करने के लिए कि वे अपने देश पहुंचें, स्थानीय पुलिस दल उनके साथ अटारी-वाघा बॉर्डर तक गए। वर्तमान में केवल एक नागरिक बचा है, जिसे बुधवार तक भेज दिया जाएगा।”
UP इस कार्रवाई में देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने इतनी तेजी से सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा। इस अभियान में बरेली, वाराणसी, रामपुर, अलीगढ़, सहारनपुर जैसे जिलों में विशेष निगरानी की गई, जहां पहले 1000 से 1500 पाकिस्तानी नागरिकों के होने की बात सामने आई थी।
केंद्र सरकार की एडवाइजरी और गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों के बाद UP पुलिस और खुफिया इकाइयों ने तत्परता दिखाई। CM योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। इस कार्रवाई ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।