उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। फरवरी में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन अगले 48 घंटों में इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है, जबकि अधिकतम तापमान में भी हल्की कमी आ सकती है। इससे पहले, मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग ने दी नई जानकारी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 फरवरी को उत्तर प्रदेश के 8 जिलों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत शामिल हैं। इसके अलावा, पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखा गया। मौसम विभाग का कहना है कि 6 फरवरी से पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, इस दौरान घने कोहरे या भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है।
सबसे ठंडा शहर अयोध्या, वाराणसी में सबसे ज्यादा धूप
प्रदेश में 8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम में कुछ बदलाव संभव है। मौसम विभाग के अनुसार, अयोध्या मंगलवार को सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते दो दिनों से अयोध्या में तापमान इसी स्तर पर बना हुआ है। वहीं, सबसे ज्यादा धूप वाराणसी में देखने को मिली, जहां अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।