यूपी में गर्मी ने दी दस्तक! दिन में तेज धूप तो रात में हल्की ठंड, IMD ने बताया कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में अब गर्मी का असर दिखने लगा है। धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि हो रही है, जिसके चलते दिन के समय तेज धूप महसूस की जा रही है, जबकि रात में हल्की ठंड का एहसास बना हुआ है। दिन में लोगों ने गर्म कपड़े पहनना लगभग बंद कर दिया है, लेकिन रात में अचानक ठंडक बढ़ने से हल्की सर्दी का अनुभव हो रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, दो दिन बाद प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं। 5 और 6 मार्च के बीच राज्य में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

कैसा रहेगा यूपी में मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिले ग्रीन ज़ोन में हैं, यानी मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, झांसी, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, प्रयागराज और मथुरा सहित पूरे प्रदेश में आसमान साफ़ रहने की उम्मीद है।

3 और 4 मार्च को किसी भी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इन दिनों प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। 5 मार्च को भी स्थिति सामान्य बनी रहेगी, लेकिन इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

6 मार्च को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में साफ मौसम के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 7 और 8 मार्च को भी पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद जताई गई है।

Ad 1

तापमान का हाल

अगर तापमान की बात करें, तो प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। बुलंदशहर और नजीबाबाद में सबसे कम 11℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा, बांदा में 11.1℃, बरेली में 12.5℃, अयोध्या में 13℃, मेरठ में 14℃ और मुरादाबाद में 14.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

लखनऊ में न्यूनतम तापमान 16℃ और अधिकतम तापमान 30.8℃ दर्ज किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर में सबसे कम 24.4℃ अधिकतम तापमान रहा। बुलंदशहर में 25℃, मेरठ में 26℃, हमीरपुर में 31.2℃, बस्ती में 31℃, गाजीपुर में 31.5℃, बहराइच में 31.6℃ और चुर्क में 31.8℃ अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *