UP Weather Update : यूपी में गर्मी ढा रही सितम, प्रयागराज रहा सबसे गर्म, कई जिलों में लू का अलर्ट

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में गर्मी ने (UP Weather Update) विकराल रूप अख्तियार कर लिया है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही तपिश ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है। सोमवार को प्रयागराज सबसे अधिक तपने वाला शहर रहा, जहां पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी के साथ भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए लू को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

UP Weather Update : ज्यादातर जिलों में 40°C के पार पहुंचा तापमान

सोमवार को यूपी के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। मंगलवार को तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के सात सबसे गर्म शहरों में प्रयागराज शीर्ष पर

  • प्रयागराज: 44.3°C
  • वाराणसी (बीएचयू): 43.4°C
  • हमीरपुर: 43.4°C
  • झांसी: 43.1°C
  • चुर्क: 42.8°C
  • आगरा: 42.5°C
  • अलीगढ़: 41.4°C

लखनऊ में भी बढ़ा तापमान, रातें भी हो रही गर्म

राजधानी लखनऊ भी गर्मी से अछूती नहीं रही। सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री ज्यादा था। यह अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। रात का न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा, जिससे रातें भी तपती महसूस हो रही हैं।

Ad 1

भीषण गर्मी में बिजली की दरों ने बढ़ाई परेशानी

गर्मी के इस दौर में प्रदेशवासियों को बिजली दरों में इजाफे का भी सामना करना पड़ रहा है। पांच साल बाद पहली बार बिजली के टैरिफ में वृद्धि की गई है, जिससे लोगों की जेब पर असर पड़ रहा है। एसी, कूलर और पंखों के बढ़ते उपयोग के बीच यह बढ़ोतरी आम लोगों की चिंता बढ़ा रही है।

अभी नहीं मिलेगी राहत, वैज्ञानिकों ने जताई चेतावनी

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी संभव है। इस दौरान लू चलने की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर के अंदर रहने की सलाह दी है।

Ad 2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *