यूपी के कई जिलों में तापमान पहुंचा 10℃, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

नवंबर का महीना समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और ठंड का असर दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ तक पहुंच चुका है। लोग अब रजाई, कंबल के साथ-साथ जैकेट और स्वेटर पहनने लगे हैं। दिल्ली-एनसीआर में 21 नवंबर की सुबह मौसम साफ था, लेकिन धुंध और कोहरे की हलचल बनी रही। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 11.8℃ और अधिकतम तापमान 25.6℃ दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण अलर्ट जारी किया है।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

21 नवंबर का मौसम

मौसम विभाग ने 21 नवंबर के लिए प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रहने की भविष्यवाणी की है। हालांकि, इन क्षेत्रों में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। विभाग ने पूर्वी यूपी में देर रात और सुबह के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को मऊ, बलिया, देवरिया, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीर नगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सुल्तानपुर, अयोध्या, बस्ती, कुशीनगर, अम्बेडकर नगर और आसपास के इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा गाजीपुर, गोंडा, बलरामपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, श्रावस्ती और बहराइच में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबांकी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी और आस-पास के इलाकों में भी घना कोहरा छा सकता है।

आने वाले दिनों का मौसम

मौसम विभाग ने 22 नवंबर से 26 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इन दिनों में अधिकतम तापमान 26℃ और न्यूनतम तापमान 14℃ तक जा सकता है। सुबह और शाम धुंध छाई रहेगी, जबकि बाकी समय मौसम साफ रहेगा। 23 से 26 नवंबर तक मौसम में इसी प्रकार की स्थिति बनी रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *