चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के चलते उत्तर प्रदेश में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हुई है, जबकि दिन में तेज धूप के साथ सुबह और शाम को ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
धनतेरस पर कैसा रहेगा मौसम?
धनतेरस के दिन, यानी 29 अक्टूबर को, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। मंगलवार को मौसम साफ रहेगा, और अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि संभव है। न्यूनतम तापमान दो दिन तक लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है, लेकिन इसके बाद इसमें हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 30 और 31 अक्टूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि तूफान ‘दाना’ का प्रभाव कुछ घंटों तक और रहेगा, उसके बाद मौसम सामान्य होने लगेगा। नवंबर की शुरुआत से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, बलिया और आजमगढ़ में बारिश की संभावना है। इसके अलावा, वाराणसी, संत रविदास नगर, मऊ, जौनपुर, प्रयागराज, कौशांबी और चित्रकूट जिलों में भी बारिश के आसार जताए गए हैं। दिन में तापमान सामान्य रहेगा, जिसके बाद अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।