उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अपना प्रचंड रूप धारण कर लिया है। राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे और ठंड के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ के साथ-साथ बुंदेलखंड, पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में सुबह का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। प्रदेश के मध्य भाग में तापमान स्थिर रहने की संभावना है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2°C से 4°C तक की गिरावट हो सकती है।
घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि 9 जनवरी तक प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में सुबह अत्यधिक घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। इससे दृश्यता प्रभावित होगी, जिससे यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
बारिश और शीतलहर का अलर्ट
आईएमडी ने 11 जनवरी तक बारिश के आसार जताए हैं। इस दौरान 4 किमी प्रति घंटे की गति से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। शीतलहर के चलते देवरिया समेत कई जिलों में सभी प्राथमिक और जूनियर स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 10 से 12 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम का मिजाज बदल सकता है। दिल्ली और उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, इससे तापमान पर कोई विशेष असर नहीं पड़ेगा। धुंध तो छटेगी, लेकिन दिन और रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसी कारण राज्य में “कोल्ड डे” की स्थिति बनी रहेगी।