उत्तर भारत में बढ़ी गर्मी, फरवरी में बारिश कम होने की संभावना: IMD

नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड का असर अब कम होता जा रहा है, जबकि दिन में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। हालांकि, सुबह और देर रात अभी भी ठंड का असर महसूस हो रहा है।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को बताया कि जनवरी में मौसम गर्म और शुष्क रहा, जबकि फरवरी में पूरे देश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि जनवरी में औसतन 4.5 मिमी बारिश हुई, जबकि इस महीने का औसत तापमान 18.98 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद से तीसरी सबसे अधिक गर्मी थी।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर ज्यादातर क्षेत्रों में गर्म और शुष्क मौसम रहेगा। कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है।

भारत मौसम विभाग ने पहले अनुमान जताया था कि जनवरी से मार्च के बीच उत्तर भारत में बारिश सामान्य से कम रहेगी, जो एलपीए 184.3 मिमी के 86 प्रतिशत से भी कम होगी। उत्तर भारत में रबी फसलों की वृद्धि के लिए सर्दियों की बारिश बेहद महत्वपूर्ण होती है और पश्चिमी विक्षोभ के कारण होने वाली यह बारिश फसलों के लिए अत्यंत लाभकारी होती है।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *