प्रदेश के छह लोगों को मिलेगा उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, स्थापना दिवस पर होंगे विविध आयोजन

लखनऊ I उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक अवध शिल्पग्राम में मनाया जाएगा। इस अवसर पर महाकुंभ के सेक्टर-7, नोएडा शिल्पग्राम समेत राज्य के सभी 75 जनपदों में विविध आयोजन होंगे। लखनऊ में होने वाले मुख्य महोत्सव में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। इस बार की स्थापना दिवस की थीम ‘विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश’ रखी गई है।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के इस प्रमुख आयोजन में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और रोड शो आयोजित किए जाएंगे। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस-मतदाता जागरूकता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की धूमधाम से प्रस्तुति होगी।

स्थापना दिवस के दौरान विरासत और विकास पर आधारित अलग-अलग प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के शताब्दी वर्ष पर उनके जीवन और कार्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सरदार वल्लभ भाई पटेल, हमारा संविधान और हमारा स्वाभिमान जैसे विषयों पर भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

इसके अलावा, 75 जनपदों के ओडीओपी (One District One Product), कला शिल्प की प्रदर्शनी और फूड कोर्ट में विभिन्न अंचलों का स्वाद भी प्रस्तुत किया जाएगा।


राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर विशेष आयोजन
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस 25 जनवरी को विभाग की तरफ से युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों द्वारा पेंटिंग, रील्स, पर्यटन प्रदर्शनी और लघु फिल्में प्रस्तुत की जाएंगी। इन फिल्मों में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन पर आधारित लघु फिल्में और युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों की गतिविधियों की झलकियां शामिल होंगी।

26 जनवरी को संस्कृति, कला और पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
इस बार उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से छह व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है। सम्मानित व्यक्तियों को 11 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए जाएंगे।


इस साल जिन छह लोगों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान मिलेगा, उनमें:

  • वाराणसी के कृष्णकांत शुक्ल (भौतिक विज्ञान, संगीतकार, कवि)
  • वृंदावन के हिमांशु गुप्ता (उद्यमी-पर्यावरणविद)
  • कानपुर के मनीष वर्मा (कृषि-दलित उद्यमी)
  • बुलंदशहर की कृष्णा यादव (महिला उद्यमी)
  • बुलंदशहर के कर्नल सुभाष देशवाल (कृषि-उद्यम)
  • बहराइच के डॉ. जय सिंह (केला उत्पादन)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *