देहरादून I उत्तराखंड ने सोमवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया है, जब राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में UCC के पोर्टल और नियमावली का उद्घाटन किया। इस कदम के साथ उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
UCC की प्रक्रिया की शुरुआत 27 मई 2022 को एक विशेषज्ञ समिति के गठन से हुई थी, जिसने अपनी रिपोर्ट 2 फरवरी 2024 को सरकार को सौंपी। इसके बाद, 8 मार्च 2024 को विधानसभा में विधेयक पारित किया गया और 12 मार्च को राष्ट्रपति से अनुमोदन प्राप्त हुआ। इसके बाद, UCC के क्रियान्वयन के लिए तकनीक आधारित व्यवस्थाएं लागू की गईं और नागरिकों व अधिकारियों के लिए ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया।
बीते कुछ दिनों से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए मॉक ड्रिल्स चल रही थीं, जिनमें पाई गई समस्याओं का समाधान कर लिया गया। शुक्रवार को नियमावली का लोकार्पण भी किया गया, जो सोमवार से लागू हो गई।