Varanasi: देश की 78वीं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच जल शक्ति मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (नमामि गंगे) ने शुक्रवार को “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान की शुरुआत काशी विश्वनाथ धाम में भारत माता की आरती के साथ की। यह अभियान 8 से 15 अगस्त तक चलेगा और इसका मुख्य उद्देश्य देशभक्ति, स्वच्छता, और नागरिक एकता को एक मंच पर लाना है।
“स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” के नारे के साथ Varanasi से शुरू हुए इस अभियान में बाबा विश्वनाथ धाम का आध्यात्मिक परिसर “हर दिल तिरंगा-हर मन तिरंगा-हर मकसद तिरंगा-हर सपना तिरंगा” के जयकारों से गूंज उठा। राष्ट्रध्वज के साथ स्वच्छता का संकल्प लेते हुए सैकड़ों राष्ट्रभक्तों ने इस अभियान में हिस्सा लिया।
नमामि गंगे Varanasi क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा, “इस अभियान का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। यह न केवल देशभक्ति की भावना को जागृत करेगा, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को भी बढ़ावा देगा। साथ ही, यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता को और मजबूती प्रदान करेगा।”
अभियान के तहत गांवों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें जल संरक्षण, सामुदायिक सफाई, स्वच्छता शपथ, और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के संकल्प को और सशक्त करने का प्रयास है।
आयोजन में नमामि गंगे Varanasi क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, मनीष, सचिन सिन्हा, देवानंद प्रजापति, नितिन नामदेव, हंसराज सिंह, रामायण प्रजापति सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। यह अभियान देशभक्ति और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास है, जो स्वतंत्रता दिवस को और अधिक अर्थपूर्ण बनाएगा।
