वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम में शनिवार, 30 नवंबर 2024 की शाम संगीत और नृत्य का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। गंगा के रमणीय तट पर स्थित धाम के खुले आकाशीय मंच पर “संगीत समर्पण” की दूसरी संध्या आयोजित की जा रही है। यह सांस्कृतिक आयोजन न केवल बाबा भोलेनाथ को समर्पित होगा, बल्कि बनारसी संगीत और नृत्य की समृद्ध विरासत को विश्वपटल पर स्थापित करने की दिशा में एक प्रयास भी होगा।
कार्यक्रम में देश के प्रख्यात कलाकारों का प्रदर्शन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसमें पंडित अमरेन्द्र मिश्र अपने सितार वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। साथ ही पंडित गणेश मिश्र और उनके सुपुत्र अपनी गायकी से श्रोताओं के दिलों को छुएंगे। प्रोफेसर माण्डवी सिंह अपने कत्थक नृत्य से इस सांस्कृतिक संध्या को और भी यादगार बनाएंगी।

आयोजन का समय और स्थल :-
- दिनांक : 30 नवंबर 2024, शनिवार
- समय : सायंकाल 6:30 बजे से 8:30 बजे तक
- स्थान : काशी विश्वनाथ धाम परिसर (गेट नंबर 4 से प्रवेश कर पूरब दिशा में)
आयोजकों के संदेश
मुख्य आयोजक डॉ. आर.के. ओझा (अध्यक्ष, बनारस ग्लोबल आर्ट्स एंड मीडिया) और विश्व भूषण मिश्र (मुख्य कार्यपालक अधिकारी, श्री काशी विश्वनाथ धाम न्यास) ने सभी संगीत प्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और बनारसी संस्कृति के इस उत्सव का आनंद लें। काशी विश्वनाथ के चरणों में संगीत और नृत्य के इस समर्पण को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
