उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार की सुबह नोएडा समेत कई शहर घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। राजधानी लखनऊ में ठंड का प्रकोप चरम पर है, जहां न्यूनतम तापमान तेजी से गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरने से ठंड का असर और बढ़ सकता है।
4 जनवरी का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शुक्रवार, 4 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से बेहद घना कोहरा छा सकता है। खासतौर पर पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना है। सुबह और देर रात के समय पूर्वी और पश्चिमी जिलों में कोहरे की घनी परत देखी जा सकती है। कहीं-कहीं शीतलहर का प्रभाव रहेगा, तो कुछ इलाकों में हल्की धूप निकलने की उम्मीद है। हालांकि, अनुमान है कि 6 जनवरी को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
आने वाले दिनों का हाल
मौसम विभाग ने बताया है कि 5 और 6 जनवरी को भी मौसम साफ रहेगा, लेकिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान किसी बड़ी चेतावनी की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग की नई जानकारी
सर्द हवाओं के बीच मौसम विभाग ने एक नया अपडेट दिया है। IMD के अनुसार, अगले चार दिनों के बाद प्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इस दौरान शीतलहर का असर दोबारा बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड का कहर और तेज हो सकता है।