योगी सरकार देगी UP को 2026 में देश की पहली नाइट सफारी की सौगात

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश दिसंबर 2026 में देश को अपनी पहली नाइट सफारी का उपहार देगा। राजधानी लखनऊ में बनने वाली कुकरैल नाइट सफारी और जू परियोजना को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना दुनिया की पांचवीं नाइट सफारी होगी।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

मुख्यमंत्री की बैठक और निर्देश

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने जून 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने और नाइट सफारी के लिए वन्यजीवों की व्यवस्था प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने 72% क्षेत्र में हरियाली विकसित करने और सौर ऊर्जा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

900 एकड़ क्षेत्र में फैलेगी नाइट सफारी:

करीब 900 एकड़ में फैली इस परियोजना में नाइट और डे सफारी दोनों चरणबद्ध तरीके से तैयार होंगी। पर्यटकों को 5.5 किमी लंबा ट्रामवे और 1.92 किमी का पाथवे उपलब्ध होगा। नाइट सफारी में एशियाटिक लॉयन, बंगाल टाइगर, तेंदुआ, उड़न गिलहरी, और हायना जैसे वन्यजीव आकर्षण का केंद्र होंगे।

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित परियोजना:

मुख्यमंत्री ने इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के लिए एक अनूठा गंतव्य बताते हुए कहा कि नाइट सफारी को लखनऊ के अन्य पर्यटन स्थलों से जोड़ा जाएगा। इसमें इको-टूरिज्म जोन, 7D थिएटर, एडवेंचर जोन, वेटनरी हॉस्पिटल, कैफेटेरिया और जंगल एनिमल थीम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

जू और सफारी की थीम:

कुकरैल जू को “अफ्रीकन सवाना,” “इनक्रेडिबल इंडिया,” और “इंजीनियर्ड वेटलैंड” थीम पर विकसित किया जाएगा। इसमें 63 इनक्लोजर होंगे, जिनमें सारस क्रेन, हिमालयन भालू, अफ्रीकन जिराफ और चिंपाजी जैसे वन्यजीव शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *