चेतगंज की 138वीं नक्कटैया: पारंपरिक लाग विमानों और वैश्विक संकटों की झांकियों ने मोहा मन

वाराणसी I वाराणसी के चेतगंज क्षेत्र में आयोजित ऐतिहासिक नक्कटैया का 138वां संस्करण बीती रात धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस शोभायात्रा को देखने के लिए न केवल स्थानीय लोग, बल्कि दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे। गलियों और सड़कों पर लगी भीड़, झूलों, चरखी और खिलौनों की दुकानों ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए। रात ढलने के साथ रंग-बिरंगी झालरों की टिमटिमाहट ने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

रामायण, महाभारत और शिवमहापुराण पर आधारित पारंपरिक लाग विमानों ने इस शोभायात्रा में भाग लिया, जो इस मेले की मुख्य आकर्षण थे। 75 से अधिक लाग विमानों ने यात्रा में हिस्सा लिया, जिनमें से कई झांकियां भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों को भी दर्शा रही थीं। आत्मनिर्भर भारत पर केंद्रित झांकी भी परंपरागत लाग विमानों के साथ अपनी जगह बना रही थी।

इस दौरान वैश्विक संकट, हमास-इस्राइल और रूस-यूक्रेन युद्ध की विभीषिका भी यात्रा में झांकियों के रूप में प्रदर्शित की गई।

चेतगंज की 138वीं नक्कटैया: पारंपरिक लाग विमानों और वैश्विक संकटों की झांकियों ने मोहा मन चेतगंज की 138वीं नक्कटैया: पारंपरिक लाग विमानों और वैश्विक संकटों की झांकियों ने मोहा मन

शोभायात्रा का उद्घाटन सीडीओ हिमांशु नागपाल ने चेतगंज थाने के सामने मध्यरात्रि में किया। इसके पहले, चेतगंज चौराहे के पास नक्कटैया की लीला का आयोजन हुआ, जिसमें भगवान लक्ष्मण ने शूर्पणखा की नाक काटी। रामलीला समिति के संस्थापक बाबा फतेह रामजी के पूजन के बाद, शोभायात्रा मलदहिया चौराहे से शुरू होकर लहुराबीर, बागबरियार सिंह होते हुए कबीरचौरा मार्ग तक गई। इस यात्रा को देखने के लिए घरों की खिड़कियों, बरामदों और छतों पर दर्शकों का हुजूम उमड़ा रहा।

शोभायात्रा के दौरान कलाकारों द्वारा शिव, पार्वती, गणेश-कार्तिकेय, श्रीराधा-कृष्ण और महाकाल के स्वरूप धारण कर नृत्य प्रस्तुत किए गए। दुर्गा-काली के मुखौटे लगाकर तलवारबाजी के करतब भी यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण रहे, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। आयोजन में समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता, महेंद्र गिरी महाराज और अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित थे, जिन्होंने इस भव्य आयोजन को सफल बनाया।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *